कक्षा 9 से 12 तक की परीक्षा 7 दिसंबर तक, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए कड़े निर्देश
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/बीकानेर ।स्मार्ट हलचल|राजस्थान में राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9 से 12 तक की राज्य स्तरीय समान अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 25 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर के निदेशक ललित कुमार ने गुरूवार, 8 अक्टूबर 2026 को परीक्षा की समय-सारणी जारी करने के साथ ही प्रश्नपत्रों की गोपनीयता एवं सुरक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
परीक्षाएं दो पारियों में आयोजित होंगी। पहली पारी सुबह 9:30 से दोपहर 12:45 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 1:15 से शाम 4:30 बजे तक रहेगी। समय-सारणी में शामिल नहीं किए गए विषयों की परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाएंगी। वहीं प्रायोगिक एवं विद्यालय स्तर की अन्य परीक्षाएं निर्धारित अंतराल वाले दिनों में कराई जाएंगी। परीक्षा कार्यक्रम में 1 से 3 दिसंबर तक अंतराल रहेगा, जबकि 6 दिसंबर को अवकाश रहेगा।
*निजी स्कूलों में नहीं रखे जाएंगे प्रश्नपत्र*
प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निजी विद्यालयों में किसी भी स्थिति में प्रश्नपत्र नहीं रखे जाएंगे। निजी विद्यालयों के प्रश्नपत्र संबंधित पीईईओ/यूसीईईओ के पास सुरक्षित रखे जाएंगे। संभव होने पर प्रश्नपत्रों को पुलिस थानों में सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जाएगी। अपरिहार्य स्थिति में पीईईओ/यूसीईईओ स्तर पर प्रश्नपत्र रखे जाने पर उनकी सुरक्षा के लिए कार्मिकों की ड्यूटी लगाने तथा आवश्यकता के अनुसार रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय)-माध्यमिक को यह निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है कि प्रश्नपत्र पुलिस थाने में रखे जाएं अथवा पीईईओ/यूसीईईओ कार्यालय में।
*उड़नदस्ते करेंगे परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण*
परीक्षा के दौरान संभागीय संयुक्त निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्राचार्य की ओर से उड़नदस्ते गठित कर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आरक्षित प्रश्नपत्र भी सुरक्षित रखे जाएंगे।
*सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र संबंधी सूचना वायरल हुई तो तय होगी जिम्मेदारी*
शिक्षा विभाग ने प्रश्नपत्र निर्माण अथवा परीक्षा से संबंधित किसी भी गतिविधि, सूचना या संदेश के सोशल मीडिया पर वायरल होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तर पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं गोपनीयता की व्यवस्था जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में सुनिश्चित की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षाओं का संचालन गोपनीय, शांतिपूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
*पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था पर रेसटा ने दिया जोर*
शिक्षक संघ रेसटा के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि राज्य स्तरीय अर्द्धवार्षिक परीक्षा की समय-सारणी समय पर जारी होने से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर जारी दिशा-निर्देश परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में गोपनीयता के साथ सभी परीक्षा केंद्रों पर समान व्यवस्था, समय पर प्रश्नपत्र उपलब्धता और विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही परीक्षा आयोजन के दौरान शिक्षकों पर अनावश्यक अतिरिक्त कार्यभार न पड़े, इसका भी विभाग को ध्यान रखना चाहिए।