70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू, करीब 1000 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

17 व 19 वर्ष के छात्र-छात्रा वर्ग की स्पर्धाएं शुरू, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन

कोटा।स्मार्ट हलचल|श्रीनाथपुरम स्टेडियम में तीन दिवसीय 70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रामचरण मीणा ने बताया कि छात्र वर्ग की प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़गांव तथा छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय वल्लभनगर की ओर से किया जा रहा है। दोनों वर्गों की तीन दिवसीय प्रतियोगिताएं श्रीनाथपुरम स्टेडियम में आयोजित की जा रही हैं।छात्र वर्ग का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़गांव की प्रधानाचार्य निधि पाठक तथा छात्रा वर्ग का आयोजन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय वल्लभनगर के प्रधानाचार्य महावीर मीना के संयोजन में हो रहा है।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय वल्लभनगर के प्रधानाचार्य महावीर मीना ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री के विशेषाधिकारी सतीश गुप्ता रहे वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रामचरण मीणा ने की। विशिष्ट अतिथियों में कार्यालय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, कोटा के सहायक निदेशक रूपेश कुमार सिंह, एडीईओ आदित्य विजय, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी रूपनारायण मालव तथा उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा सूरज करण बढ़गोतीया शामिल रहे।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़गांव की प्रधानाचार्य निधि पाठक ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक के रूप में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अर्जुनपुरा की प्रधानाचार्य मीनाक्षी धाभाई को नियुक्त किया गया है। वहीं, छात्र प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोराबॉस के प्रधानाचार्य विनोद मिश्रा हैं।
प्रतियोगिता के अंतर्गत छात्र एवं छात्रा वर्ग में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ के हीट एवं सेमीफाइनल, 1500 मीटर दौड़, त्रिकूद, गोला फेंक तथा तश्तरी फेंक की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।
शारीरिक शिक्षा के व्याख्याता सुनील शर्मा एवं किरण सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता से चयनित छात्र-छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। शारीरिक शिक्षक प्रेरणा शर्मा एवं गणेश शंकर नावर ने बताया कि श्रीनाथपुरम स्टेडियम में सुबह सात बजे से विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है।
महावीर मीना एवं निधि पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता में छात्रा वर्ग के 17 वर्ष आयु वर्ग में 52 तथा 19 वर्ष आयु वर्ग में 31 टीमें भाग ले रही हैं। छात्र वर्ग के 17 वर्ष आयु वर्ग में 99 तथा 19 वर्ष आयु वर्ग में 77 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस प्रकार छात्र एवं छात्रा वर्ग में कुल 259 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में कोटा जिले के करीब 1000 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं।
पर्यवेक्षक के रूप में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अर्जुनपुरा की प्रधानाचार्य मीनाक्षी धाभाई ने बताया कि प्रतियोगिताओं के नियमबद्ध संचालन, खिलाड़ियों की पात्रता, अनुशासन और परिणामों की निगरानी सहित मेडिकल सुविधा, प्राथमिक उपचार एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाई है।