पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, नरबदखेड़ा-जवाजा में प्रधान बनाने का लक्ष्य

नरेश कनौजिया प्रबंध समिति के संयोजक, संजीव भतैवड़ा सह संयोजक नियुक्त; विधायक शंकर सिंह रावत के मार्गदर्शन में संभावित प्रत्याशियों का सर्वे शुरू

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा ब्यावर जिला प्रबंध समिति का गठन करते हुए पूर्व सभापति नरेश कनौजिया को संयोजक तथा संजीव भतैवड़ा को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने नरबदखेड़ा और जवाजा पंचायत समिति क्षेत्रों में भाजपा का प्रधान बनाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए चुनावी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।

प्रबंध समिति संयोजक नरेश कनौजिया ने बताया कि जिला अध्यक्ष आशीष सांड, जिला पदाधिकारियों और विधायकों के समन्वय एवं मार्गदर्शन में आगामी चुनावों की रणनीति तैयार की जाएगी। चुनावी तैयारियों को लेकर जल्द ही बैठक आयोजित कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। पार्टी का विशेष फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और संभावित प्रत्याशियों की स्थिति का आकलन करने पर रहेगा।

नरबदखेड़ा और जवाजा में सौंपी जिम्मेदारियां

संगठनात्मक व्यवस्था के तहत नरबदखेड़ा क्षेत्र में टीकम सिंह चौहान को संयोजक तथा वीरेंद्र सिंह रावत को सह संयोजक बनाया गया है। वहीं, जवाजा क्षेत्र में गणपत सिंह रावत को संयोजक और दाऊ सिंह को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

जिताऊ प्रत्याशियों के चयन के लिए सर्वे

विधायक शंकर सिंह रावत के मार्गदर्शन में पंचायत समिति क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर सर्वे किया जा रहा है। इस कार्य में टीकम सिंह चौहान, गणपत सिंह रावत, बलवीर रावत, दाऊ सिंह, महिपाल सिंह और वीरेंद्र सिंह रावत सहित टीम के सदस्य जुटे हुए हैं। सर्वे के माध्यम से क्षेत्र में प्रत्याशियों की स्थिति का आकलन कर पार्टी के सामने रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, ताकि चुनाव में मजबूत उम्मीदवारों को मौका दिया जा सके।

बूथ स्तर तक सक्रिय होंगे कार्यकर्ता

भाजपा ने आगामी चुनावों में जीत हासिल करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति बनाई है। कार्यकर्ताओं को उनके क्षेत्रों में जिम्मेदारियां देकर जनसंपर्क और चुनावी गतिविधियों को गति देने की तैयारी है। पार्टी का लक्ष्य ब्यावर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद नरबदखेड़ा और जवाजा में भी प्रधान पद पर जीत हासिल करना है। इसके लिए संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं।