मां के दरबार में उमड़ेगी आस्था, महाआरती के बाद गरबा नृत्य की रहेगी धूम
(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|मेवाड़ की पवित्र शक्तिपीठ श्री बाबाधाम पर नवरात्र महोत्सव की तैयारियां चरम पर हैं। गरबा पांडाल सजकर तैयार है। भक्तों के दर्शन, महाआरती और गरबा नृत्य के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। नवरात्र में प्रतिदिन मां का अलग-अलग श्रृंगार होगा।
श्री बाबाधाम के मीडिया प्रभारी एवं गरबा प्रभारी राजेश नैनावटी ने बताया कि अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में प्रतिदिन सुबह 7:15 बजे आरती, 9:15 बजे हवन-पूजन और शाम 7:15 बजे महाआरती होगी। इसके बाद गरबा नृत्य का आयोजन होगा। विभिन्न वर्गों में होने वाली प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वालों का चयन किया जाएगा।
नवरात्र के प्रथम दिन सुबह 10:15 बजे हवन-पूजन और दोपहर 12:15 बजे घट स्थापना होगी। मनोकामना पूर्ण होने पर पैदल मां के दरबार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का चुनरी ओढ़ाकर फल-प्रसाद से स्वागत किया जाएगा। मंदिर प्रबंधन ने धर्मप्रेमियों से महोत्सव में शामिल होकर मां का आशीर्वाद लेने की अपील की है।