10 दिन से खराब ट्रांसफार्मर, 50 घरों की बिजली गुल

1912 पर शिकायत के बाद भी नहीं बदला ट्रांसफार्मर, घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर नौ चंद्रशेखर आजाद नगर में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पिछले 10 दिनों से खराब पड़ा है। इससे करीब 50 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत करने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। बिजली न मिलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्ला निवासी ऊषा देवी, श्यामकली, राधा देवी, आशा देवी, कमला देवी, रानी, माया और सुमैना समेत अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि पिछले करीब 10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई में भी बाधा आ रही है। बिजली न होने के कारण पानी के लिए हैंडपंप का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरे लोगों के घरों में जाना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने विभाग से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
जल्द बदला जाएगा ट्रांसफार्मर
इस संबंध में अवर अभियंता (जेई) विक्रांत आनंद ने बताया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।