ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान ने मेधावियों को पुरस्कृत कर बढ़ाया उत्साह, 300 अभिभावक भी रहे मौजूद
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर बरयेपुर स्थित साधू शरण सिंह श्लेष शिक्षा ग्रुप में शनिवार को त्रैमासिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हसवा ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
संस्थान के प्रबंधन तंत्र के अनुसार, त्रैमासिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रथम स्थान के 48, द्वितीय स्थान के 37, तृतीय स्थान के 39, चतुर्थ स्थान के 40 और पंचम स्थान के 40 छात्र-छात्राओं समेत कुल 204 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
समारोह में मंडल अध्यक्ष गया पाल, खखरेरू नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञान चंद्र केशरवानी और प्रधान संघ अध्यक्ष दशरथ सिंह ने भी सहभागिता की। अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों और करीब 300 अभिभावकों ने पहुंचकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
संस्थान के प्रबंधक साधू शरण सिंह, प्रधानाचार्य श्लेष कुमार सिंह और शिव कुमार सेन ने संयुक्त रूप से बताया कि परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत को सम्मानित करने से उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक गुलाब सिंह, पंकज सिंह, मृदुल बाजपेयी, विनय गुप्ता, भोला सिंह और विजय द्विवेदी सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।