पंचायत चुनाव के लिए 580 अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण, ईवीएम और मतपेटी से कराया व्यावहारिक अभ्यास

भीलवाड़ा, 10 अक्टूबर

स्मार्ट हलचल|पंचायत आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम सभागार, भीलवाड़ा में रिटर्निंग अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों के प्रथम प्रशिक्षण का पहला दिन संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में 580 अधिकारियों ने भाग लेकर चुनाव प्रक्रिया की बारीकियां समझीं।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को पंच एवं सरपंच पदों के नामांकन से लेकर नामांकन पत्रों की जांच, चुनाव चिह्न आवंटन, मतपत्र तैयार करने, मतदान कराने और मतगणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव ईवीएम के माध्यम से संपन्न कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए ईवीएम का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों को स्वयं ईवीएम संचालित करने का अभ्यास कराया गया। मतपेटी के प्रदर्शन के माध्यम से मतदान संबंधी प्रक्रियाओं को भी विस्तार से समझाया गया, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियागत परेशानी नहीं आए।
प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद ताहिर खान, उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक तथा सहायक प्रभारी अधिकारी नारायण लाल जागेटिया, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी आसींद बसंत बोर्दिया एवं रविकांत व्यास उपस्थित रहे। मास्टर ट्रेनर अटल बिहारी वैष्णव, गोपाल कृष्ण बिरला, विनोद कुमार शर्मा, संतोष कुमार विश्नोई, इकबाल मंसूरी, विनीत कुमार शर्मा एवं बालमुकुंद सुखवाल ने प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों ने ईवीएम एवं मतपेटी का प्रायोगिक अभ्यास किया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अधिकारियों ने चुनाव कार्य संपन्न कराने में सक्षम होने संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किए। इसके बाद गूगल फॉर्म के माध्यम से परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें पांच प्रशिक्षणार्थियों को छोड़कर शेष सभी ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। निर्धारित अंक प्राप्त नहीं करने वाले पांच प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान करने के लिए मास्टर ट्रेनर्स को दूरभाष के माध्यम से आवश्यक मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए गए।