सूरौठ में बैंड बाजे के साथ निकाली अग्रसेन शोभा यात्रा, प्रतिभाओं को किया सम्मानित

अग्रसेन जयंती पर अग्रवाल समाज ने बंद रखे व्यापारिक प्रतिष्ठान
सूरौठ।स्मार्ट हलचल|शहर में रविवार को सूरौठ अग्रवाल समाज की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई। अग्रसेन जयंती के अवसर पर समाज के लोगों की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। बैंड बाजे एवं 251 मंगल कलशों के साथ शहर में अग्रसेन महाराज की शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा के पश्चात अग्रसेन वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया तथा समाज सुधार के विभिन्न बिंदुओं पर परिचर्चा की गई। अग्रवाल समाज के सूरौठ नगर अध्यक्ष घनश्याम गोयल एवं युवा अध्यक्ष दीपक सिंघल ने बताया कि शहर में स्टेशन रोड स्थित अग्रसेन वाटिका में सुबह 9 बजे अग्रवाल समाज के सभी लोगों ने विधि विधान से महाराजा अग्रसेन की पूजा अर्चना की। इसके पश्चात बैंड बाजे एवं 251 मंगल कलशों के साथ अग्रसेन महाराज की शोभा यात्रा अग्रसेन वाटिका से शुरू हुई। शोभा यात्रा में समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन के जयकारे लगाए एवं महिलाओं ने सिर पर कलश रख कर मंगल गीत गाए। शोभा यात्रा मुख्य चौराहे, बाजार, पुलिस चौकी सर्किल, मस्जिद तिराहा एवं स्टेशन रोड होती हुई अग्रसेन वाटिका पहुची। शोभा यात्रा का कई स्थानों पर अभिनंदन किया गया। शोभा यात्रा के दौरान सूरौठ नगर पालिका अध्यक्ष कमला महावर एवं सर्व समाज के लोगों ने अग्रवाल समाज के अध्यक्ष घनश्याम गोयल, युवा अध्यक्ष दीपक सिंघल तथा समाज के बुजुर्गों का साफे व मालाएं पहनाकर सम्मान किया। पुलिस चौकी चौराहे पर कांग्रेस के ब्लॉक प्रवक्ता प्रमोद तिवाड़ी, पार्षद अभय मीणा, राम हरी मीणा ने समाज के अध्यक्षों का स्वागत-सत्कार किया। शोभा यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सूरौठ थाना प्रभारी सुमेर सिंह गुर्जर और पुलिस चौकी प्रभारी मुरारी लाल की अगुवाई में पुलिस जाब्ता मोजूद रहा। शोभा यात्रा के पश्चात अग्रसेन वाटिका में सामुहिक सहभोज एवं जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में सरकारी सेवा में सेलेक्ट हुए समाज के युवाओं एवं मेघावी विद्यार्थियों को शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार सामग्री भेंट कर सम्मानित किया। शाम को अग्रवाल समाज की महिलाओं की ओर से अग्रसेन वाटिका में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।