वाहन रैली का जगह-जगह स्वागत, हेमू कालानी स्मारक पर शहीदों को नमन, शाम को निकलेगी भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|पूज्य सिंधी पंचायत शाहपुरा के तत्वावधान में सोमवार को आराध्य भगवान झूलेलाल की स्तुति में असू चंड सिंधीयत एकता दिवस महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ हुआ। सुबह दिलखुशाल बाग स्थित झूलेलाल मंदिर में झंडारोहण के बाद समाज की वाहन रैली निकाली गई। रैली में सिंधी समाज के महिला-पुरुषों और बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। शहर में विभिन्न स्थानों पर रैली का स्वागत किया गया। धार्मिक आस्था के साथ सिंधी संस्कृति, सामाजिक एकता और देशभक्ति का संदेश भी दिया गया।
पंचायत के अध्यक्ष लीलाराम वासवानी व सचिव नरेश लखपतानी की अगुवाई में महोत्सव की शुरुआत झूलेलाल मंदिर में धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ हुई। झंडारोहण के बाद वाहन रैली रवाना हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। रैली में शामिल समाजजन भगवान झूलेलाल के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। इसके बाद त्रिमूर्ति स्मारक पर समाज के लोगों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। यहां भी पुष्पवर्षा कर वाहन रैली का स्वागत किया गया। आयोजन में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भागीदारी ने सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया।
हेमू कालानी स्मारक पर शहीदों को नमन-
वाहन रैली के दौरान हेमू कालानी स्मारक पर समाजजनों ने अमर शहीद हेमू कालानी को नमन किया। इस दौरान शहीदों के सम्मान में नारे लगाए गए और देशभक्ति का वातावरण बना। कार्यक्रम ने नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की याद दिलाई।
शाम को होंगे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन-
महोत्सव के तहत सोमवार को शाम के सत्र में संत कंवर राम धर्मशाला में बच्चों और महिलाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की प्रतिभाओं को मंच देने और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। दिलखुशाल बाग स्थित झूलेलाल मंदिर में समाज के वरिष्ठ महिला-पुरुषों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद पूज्य बहराणा साहेब का धार्मिक आयोजन होगा। भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान झूलेलाल की आराधना की जाएगी।
बाजार से निकलेगी झूलेलाल की शोभायात्रा-
शाम को झूलेलाल मंदिर से भगवान झूलेलाल और पूज्य बहराणा साहेब से जुड़ी धार्मिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के बाजारों से होकर संत कंवर राम धर्मशाला, पिवणिया तालाब पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपरा के अनुसार अखंड ज्योति का जल में विसर्जन किया जाएगा। इसके बाद आम भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें समाजजन प्रसादी ग्रहण करेंगे।
असू चंड सिंधीयत एकता दिवस महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य भगवान झूलेलाल के प्रति आस्था प्रकट करने के साथ सिंधी समाज की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना है। धार्मिक अनुष्ठान, देशभक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक प्रसादी के माध्यम से यह महोत्सव समाज की एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दे रहा है।