नीरज माली ने तीन स्पर्धाओं में मारी बाजी, कुलदीप जाट ने एक स्पर्धा में बाजी मारी अंजली मीणा ने भी जीते पदक
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
अरनिया रासा। स्मार्ट हलचल|70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरनिया रासा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की और विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों में खुशी की लहर है। नीरज माली और कुलदीप जाट का राज्य स्तर पर चयन होना विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
प्रतियोगिता में नीरज माली ने 800 मीटर, 1500 मीटर एवं 3000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, कुलदीप जाट ने 5000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
रिले स्पर्धाओं में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 17 वर्ष छात्र वर्ग की 4×400 मीटर रिले टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, 19 वर्ष छात्र वर्ग की 4×100 मीटर रिले टीम ने प्रथम तथा 4×400 मीटर रिले टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसी क्रम में 17 वर्ष छात्रा वर्ग में अंजली मीणा ने 800 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इस शानदार सफलता के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं उचित मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक श्री नरेश कुमार खटीक के कुशल प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रीति कुमावत ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करने के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।
विद्यालय की इस शानदार उपलब्धि पर समस्त विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। खिलाड़ियों की मेहनत और सफलता ने यह साबित कर दिया कि लगन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से चैंपियन बनने का सपना साकार किया जा सकता है।