बालिका गौरव सम्मान-2026 समारोह में स्मृति चिह्न, दुपट्टा, प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल देकर बढ़ाया उत्साह
गंगापुर सिटी ब्यूरो।स्मार्ट हलचल|भारत विकास परिषद शाखा गंगापुर सिटी की ओर से सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कल्याण जी गेट में बालिका गौरव सम्मान-2026 समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली तथा विपरीत पारिवारिक परिस्थितियों में आगे बढ़ने वाली बालिकाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रपट के समक्ष शाखा अध्यक्ष रमेश चंद गुप्ता पट्टी वाले, कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार रावत, प्रांतीय दायित्वधारी ज्योति गुप्ता, शाखा समन्वयक शिवनारायण गुप्ता, महिला प्रमुख स्नेहलता गुप्ता एवं विद्यालय के संस्था प्रधान ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया गया।
शाखा अध्यक्ष रमेश चंद गुप्ता ने अपने संबोधन में भारत विकास परिषद के कार्यों एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में नामित 9 बालिकाओं में से उपस्थित 6 बालिकाओं को स्मृति चिह्न, दुपट्टा, प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के समस्त स्टाफ का भी सम्मान किया गया।
विद्यालय प्रभारी ने परिषद की ओर से किए गए कार्यों की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वासुदेव बंसल ने किया।
इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य वासुदेव बंसल, मदन मोहन आर्य, अश्विनी गुलाटी, कैलाश चंद्र मित्तल सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।