बालिका दिवस सप्ताह के तहत कबड्डी, बैडमिंटन और जूडो-कराटे प्रतियोगिताएं आयोजित, 300 बालिकाओं ने लिया भाग
भीलवाड़ा, 12 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस सप्ताह के तहत महिला अधिकारिता विभाग की ओर से संचालित ‘नारी चौपाल—सशक्त बालिका, समृद्ध समाज’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
उपनिदेशक महिला अधिकारिता विभाग नागेंद्र कुमार तोलंबिया के निर्देशन में महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुलिस लाइन में प्रधानाचार्य सुंदर सिंह चुंडावत एवं अध्यापक सांवरिया खटीक के सानिध्य में कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, महात्मा गांधी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुर में प्रधानाचार्य इरशाद आलम काजी के सानिध्य में जूडो-कराटे और कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
खेलों से बढ़ता है आत्मविश्वास
पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक गंगा दाधीच, विधिक परामर्शदाता सुमन खोईवाल, मनोसामाजिक परामर्शदाता सुनीता शर्मा तथा सामाजिक परामर्शदाता सीमा शर्मा ने बालिकाओं को खेलकूद के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती, निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बालिकाओं को भयमुक्त, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
बाल विवाह के खिलाफ दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं में विजेता बालिकाओं को डॉक्यूमेंट चेन फाइल प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि भाग लेने वाली अन्य बालिकाओं को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। बालिकाओं को बाल विवाह नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही प्रत्येक बालिका को माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों की बालिकाओं सहित कुल 300 बालिकाएं उपस्थित रहीं। आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, खेलों के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें सुरक्षित, सशक्त और जागरूक बनाना रहा।