अग्रसेन जयंती महोत्सव में गरबा-डांडिया की धूम, भक्ति के रंग में रंगा फतेहपुरिया बगीची

रंग-बिरंगी गुजराती वेशभूषा में सजीं महिलाएं-बालिकाएं, आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के 12वें दिवस नवरात्रि प्रतिपदा एवं महाराजा अग्रसेनजी की जन्म जयंती के अवसर पर फतेहपुरिया बगीची में गरबा-डांडिया रास प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मां दुर्गा की आराधना और भक्ति के रंगों से सजे इस आयोजन में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। गुजराती वेशभूषा, पारंपरिक आभूषणों और आकर्षक श्रृंगार में सजी प्रतिभागियों ने गरबा-डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

जयंती संयोजक पवन रायपुरिया ने बताया कि प्रतियोगिता में बालिकाओं एवं महिलाओं ने कौड़ी, सीप, कांच, गोटा और मोरपंखों से सजी पारंपरिक गुजराती पोशाकों में गुजराती एवं फिल्मी धुनों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किए। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक श्रृंगार से सजे आयोजन स्थल पर नवरात्रि की भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा की अनुपम छटा देखने को मिली।

मंत्री निखिल जिंदल ने बताया कि जगमोहन, चंद्रमोहन एवं शशिमोहन अग्रवाल परिवार के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता का संचालन श्रवण बंसल, गोपाल दाणी, गिरीश गुप्ता, डॉ. नमिता जालान, अर्चना मित्तल एवं शशि मोदी ने किया। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में निर्णायकों के निर्णय के अनुसार विजेताओं को अध्यक्ष अमित बंसल, सह-संयोजक अजय गोयल, कमल सर्राफ, भरत अग्रवाल, विशाल मित्तल एवं जिनेंद्र सिंघल ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर शांतिप्रकाश दाणी, पुरुषोत्तम गोयल, लोकेन्द्र अग्रवाल, आलोक गुप्ता, नरेश गुप्ता, दीपक मित्तल, अनिल सर्राफ, अनिल मित्तल, महेश गर्ग, राकेश गुप्ता, महेंद्र सर्राफ, अंकुर सर्राफ, विशाल गोयल, श्यामसुंदर लोहिया, सुमित बंसल, निशांत मंगल, आशीष गोयल एवं शिवांग जिंदल सहित समाजबंधु और महिलाएं उपस्थित रहे।