उदित जैन बने अध्यक्ष, आईएफएस परीक्षा में 16वीं रैंक प्राप्त करने पर अनुष्का बाबेल का सम्मान
चित्तौड़गढ़।स्मार्ट हलचल|तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (टीपीएफ) चित्तौड़गढ़ शाखा का शपथ ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार, 11 अक्टूबर को तेरापंथ भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के मंगलाचरण से हुआ। समारोह में टीपीएफ सेंट्रल-1 जोन की अध्यक्ष रेखा जैन, मेधावी एलुमनी की नेशनल को-कन्वीनर सुमन बडोला तथा मेधावी सम्मान की को-कन्वीनर डॉ. प्रियंका ढीलीवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर सभा अध्यक्ष रजनीश खाब्या, महिला मंडल अध्यक्ष प्रीति बाबेल एवं टीपीएफ संस्थापक डॉ. बीएल खाब्या सहित आमंत्रित अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
टीपीएफ सचिव शानु सुराणा ने बताया कि निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अतुल खाब्या ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान आयोजित गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की। इसके बाद उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष उदित जैन को अध्यक्ष पद की पिन प्रदान की। उदित जैन ने आगामी कार्यकाल की कार्ययोजना, प्राथमिकताओं एवं भावी दृष्टिकोण को साझा करते हुए संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में टीपीएफ सेंट्रल-1 जोन की अध्यक्ष रेखा जैन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई। उन्होंने पदाधिकारियों को संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर भारतीय वन सेवा (आईएफएस) परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 16वीं रैंक प्राप्त करने पर अनुष्का बाबेल का सम्मान किया गया।
समारोह में कमल जैन, ज्ञान कवाड़िया, सीए श्रेयान ढीलीवाल, मुदित जैन, दीपक जैन, अंकिता जैन, डॉ. ऋतु खाब्या, ऋतु सुराणा, यश पोखरना, ऋत्विका पोखरना एवं सीए निकिता पोखरना सहित फोरम के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अन्नू सुराणा ने किया। सचिव शानू सुराणा ने अतिथियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह का समापन संगठन के प्रति नई ऊर्जा, प्रतिबद्धता एवं सेवा-भाव के संकल्प के साथ हुआ। टीपीएफ चित्तौड़गढ़ शाखा ने भविष्य में भी सेवा, संस्कार, नेतृत्व विकास एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई।