भीलवाड़ा में कथित अवैध गतिविधियों की शिकायत पर कार्रवाई, 6 नाबालिगों सहित 9 को रेस्क्यू करने का दावा

‘ड्रीम वेलनेस केयर’ से जुड़े मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज होने की जानकारी, पुलिस जांच में जुटी

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|शहर में ‘ड्रीम वेलनेस केयर’ से जुड़े एक मामले में छह नाबालिग बच्चियों सहित नौ लोगों को रेस्क्यू किए जाने की जानकारी सामने आई है। अधिवक्ता प्रियांश सांखला (जैन) एवं अधिवक्ता मुकेश सुथार के नेतृत्व में चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC), स्थानीय पुलिस तथा पब्लिक पावर एंड अवेयरनेस सोसाइटी के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान यह रेस्क्यू किए जाने का दावा किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्रवाई में गोटू सिंह मंगलपुरा एवं अधिवक्ता मुकेश शर्मा भी शामिल रहे। संबंधित पक्ष की ओर से बताया गया कि परिसर में करीब 30 से 40 बच्चे मौजूद थे, जिनमें से छह नाबालिग बच्चियों सहित कुल नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

नौकरी और डिप्लोमा दिलाने के नाम पर शोषण के आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ बच्चियों को रोजगार एवं आयुर्वेदिक डिप्लोमा दिलाने का प्रलोभन देकर बुलाया जाता था। आरोप है कि उनसे पैसे वसूले गए तथा डराने-धमकाने के साथ उन्हें बंधक बनाकर रखा गया। रेस्क्यू के दौरान बच्चियों की निजता के उल्लंघन और मानसिक एवं शारीरिक शोषण से जुड़े आरोप भी सामने आने की बात कही गई है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होने की जानकारी

अधिवक्ता प्रियांश सांखला (जैन) एवं अधिवक्ता मुकेश सुथार के अनुसार, पुलिस और बाल कल्याण समिति को रिपोर्ट सौंपी गई है। उनके मुताबिक, मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित कानूनों के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों और नेटवर्क की जांच कर रही है।

मामले में आरोपों की वास्तविकता, संबंधित व्यक्तियों की भूमिका तथा अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।