• अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी रही मेले का मुख्य आकर्षण
• चेयर रेस, जलेबी रेस और चम्मच दौड़ जैसी रोचक गतिविधियों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
कल्याणपुर 13 अक्टूबर
स्मार्ट हलचल|कस्बे के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) में नन्हे मुन्ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से बाल मेले का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस मेले में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जहां एक तरफ उत्साहपूर्वक भाग लिया, वहीं दूसरी ओर अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों द्वारा लगाई गई शानदार स्टॉल्स और अभिभावकों की मौजूदगी मेले का प्रमुख आकर्षण रही।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सतीश गांधी, विद्यालय के प्राचार्य दिलीप सिंह राणावत, एडीपीसी समग्र शिक्षा कार्यालय उदयपुर से प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी त्रिभुवन चौबीसा, डाइट प्रतिनिधि यतीन्द्र सिंह (व्याख्याता) तथा पीईईओ किशन लाल मीणा तथा सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक जयनारायण मीणा ने दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
बाल वाटिका प्रभारी रणधीर सिंह ने बाल मेले के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों के मानसिक, भाषाई, सृजनात्मक और शारीरिक विकास के लिए विभिन्न रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। मेले के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों और अभिभावकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अग्रिम स्थान प्राप्त किया ।चेयर रेस (विद्यार्थी) में रियान,जलेबी रेस में आकिन,जलेबी रेस (कक्षा 1 व 2) में संदीप,चम्मच दौड़ में आराध्या तथा कप जमाना में हैप्पी प्रथम और लक्ष द्वितीय स्थान पर रहे।
इसी तरह गुब्बारा फोड़ना में उन्नत प्रथम और भव्यराज द्वितीय रहे,चेयर रेस अभिभावक वर्ग में अंजना कुमारी मीणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि बैलून विद बैलेंस में मयूर और हनी प्रथम स्थान पर रहे।
समारोह के अंत में सभी विजेता संभागियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व अभिभावक मौजूद रहे।