अल्फिया कन्फेक्शनरी में मिली 40 किलो एक्सपायरी चॉकलेट, खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर करवाई नष्ट

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा पर सवाल; क्रीमी लेयर चॉकलेटी फ्लेवर केक का नमूना जांच के लिए लिया, विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

( महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|त्योहारी सीजन में मिठाइयों और चॉकलेट की मांग बढ़ने के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई ने खाद्य कारोबारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीलवाड़ा स्थित मेसर्स अल्फिया कन्फेक्शनरी में निरीक्षण के दौरान करीब 40 किलोग्राम एक्सपायरी चॉकलेट और अन्य खाद्य सामग्री मिली, जिसे विभागीय टीम ने मौके पर ही नष्ट करवाया। इसी प्रतिष्ठान से क्रीमी लेयर चॉकलेटी फ्लेवर केक (ब्रांड- नाटी) का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन में आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में अल्फिया कन्फेक्शनरी की जांच के दौरान एक्सपायरी खाद्य सामग्री सामने आई।
40 किलो एक्सपायरी सामग्री ने खड़े किए सवाल
त्योहारों पर बाजार में खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में किसी प्रतिष्ठान पर बड़ी मात्रा में एक्सपायरी चॉकलेट और अन्य खाद्य सामग्री मिलना गंभीर सवाल खड़े करता है। विभाग ने सामग्री को मौके पर नष्ट करवाकर कार्रवाई की, वहीं केक का नमूना लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच की प्रक्रिया शुरू की है। अब नमूने की जांच रिपोर्ट से ही उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विभागीय टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, कुलदीप, संजय वर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अब निगरानी और जवाबदेही जरूरी
त्योहारी सीजन में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता आमजन के स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि विभाग बाजार में नियमित निरीक्षण जारी रखे और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करे।