कॉलेज में नए मतदाताओं को मतदान का पाठ, वोटर हेल्पलाइन एप से कराया पंजीयन

पंकज पोरवाल

माणिक्य लाल वर्मा कॉलेज में निर्वाचन साक्षरता क्लब की कार्यशाला, युवाओं से मतदाता जागरूकता बढ़ाने का आह्वान

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए श्री माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय में नए मतदाताओं को जागरूक करने की पहल की गई। निर्वाचन साक्षरता क्लब की कार्यशाला में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए पंजीयन कराकर उन्हें मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी.एल. जागेटिया के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को वोटर हेल्पलाइन एप, ईसीआई नेट तथा फॉर्म नंबर-6 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। साथ ही वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से विद्यार्थियों का पंजीयन भी करवाया गया, ताकि वे मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझ सकें। इस अवसर पर महाविद्यालय निर्वाचन साक्षरता क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. रजनी गगवानी, सह-नोडल अधिकारी एवं सहायक आचार्य सांवर मल व्यास, रविंद्र सिंह राव तथा पंकज कुमार मीणा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से अपने आसपास के क्षेत्र में भी मतदाता जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम जुड़वाना और मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने परिवार, परिचितों और आसपास के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें तथा लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।