वार्ड की समस्याओं पर घिरे जनप्रतिनिधि, विकास कार्यों की खुली पोल, जनता ने गिनाईं समस्याएं

महापौर-उपमहापौर ने किया वार्ड 23 का किया औचक दौरा, सुनीं समस्याएं, समाधान का दिलाया भरोसा

नालियों, सफाई, स्ट्रीट लाइट और पार्कों के रखरखाव की मांग उठी, विकास कार्यों के त्वरित निस्तारण का दिया भरोसा

पंकज पोरवाल

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|वार्ड की बदहाल व्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों को लेकर वार्ड 23 में महापौर-उपमहापौर के सामने समस्याओं का पिटारा खुला। चंद्रशेखर आजाद नगर के औचक दौरे पर पहुंचे महापौर जसवंत कंवर और उपमहापौर राधेश्याम सोमानी को वार्डवासियों ने नालियों, सफाई, स्ट्रीट लाइट और पार्कों की समस्याएं गिनाते हुए मांग पत्र सौंपा। जनसमस्याओं पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। वार्ड में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ता अनूप कुमार शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने महापौर और उपमहापौर का तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर एवं भाजपा दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान प्रताप मंडल अध्यक्ष नागेंद्र राव, मंडल उपाध्यक्ष विजय जायसवाल, मंडल मंत्री बबली कंवर और रेणु शर्मा सहित मंडल के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद वार्डवासियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर महापौर एवं उपमहापौर से चर्चा की। भाजपा कार्यकर्ता अनूप कुमार शर्मा और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने संयुक्त रूप से मांग पत्र सौंपकर वार्ड में नालियों के नए निर्माण एवं मरम्मत, नियमित साफ-सफाई, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने, पार्कों के रखरखाव एवं जीर्णाेद्धार तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी। महापौर जसवंत कंवर और उपमहापौर राधेश्याम सोमानी ने वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वार्ड का सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इस दिशा में निगम प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी, वरिष्ठ नागरिक और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।