जिला स्तरीय NCORD बैठक में नशा विरोधी कार्रवाई की समीक्षा, युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल|जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। अक्टूबर माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत छह प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 465 किलोग्राम डोडा पोस्त और पांच ग्राम स्मैक जब्त की गई, वहीं चार वाहन भी जब्त किए गए। नशे की रोकथाम और जनजागरूकता को लेकर मंगलवार को जिला कलक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने अक्टूबर माह में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पांच प्रकरणों में 465 किलोग्राम डोडा पोस्त तथा एक अन्य प्रकरण में पांच ग्राम स्मैक बरामद की गई। बैठक में जिले में नशे के अवैध कारोबार की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।
रैलियों और शपथ कार्यक्रमों से किया जागरूक
महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा शिक्षा विभाग की ओर से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रैली, शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किए गए। इन अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
45 लोगों को दी काउंसलिंग
चिकित्सा विभाग की ओर से अक्टूबर माह में 45 लोगों को नशामुक्ति एवं नशे से संबंधित काउंसलिंग प्रदान की गई। जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने नशे की रोकथाम के लिए पुलिस और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता जताई।
जिला कलक्टर कमल राम मीना ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने, जनजागरूकता अभियान चलाने तथा नशे की समस्या से प्रभावित लोगों के लिए उपचार एवं परामर्श गतिविधियों को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।