लाखेरी -स्मार्ट हलचल|महारानी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बूंदी के तत्वावधान में सोमवार को शिक्षाविधिक सेवा प्राधिकरण कार्यक्रम धूमधाम से सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला एवं सेशन न्यायाधीश बूंदी अशोक चौधरी उपस्थित रहे। अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य रितेश सनाढ्य ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश क्रम संख्या एक प्रीति मुकेश परनामी तथा अतिथि के रूप में पैनल अधिवक्ता शिफा उल हक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य भूपेंद्र शर्मा ने किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। शाला परिवार द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण कर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि अशोक चौधरी ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाओ और अपनी सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहो।” उन्होंने बालिकाओं को बाल अधिकार, साइबर क्राइम, पोक्सो कानून एवं निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जहां शिक्षा होगी, वहीं बालक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होगा। जागरूक होना ही सच्ची शिक्षा है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर शिक्षकों को अवगत कराएं। अध्ययन में कोई बाधा आए तो हमें बताएं ताकि उसका निवारण किया जा सके। अच्छा इंसान और कानून का पालन करने वाला नागरिक बनो। कानून से डरना नहीं, बल्कि उसे अन्याय के खिलाफ हथियार बनाना है।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों ने बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर निजी सचिव शोएब अहमद खान, नूतन तिवारी, गरिमा गौतम, प्रीति सरोया, गायत्री श्रृंगी, सुमन जैन, जुगराज, मुकेश मेघवाल, अंशु शर्मा, मनोज जांगिड़ सहित विद्यालय की समस्त बालिकाएं उपस्थित रहीं।