सूरौठ नगर पालिका के नव गठित बोर्ड की पहली बैठक में उठा दूषित पानी की आपूर्ति एवं लीकेज पाइप लाइनों का मुद्दा 

सूरौठ।स्मार्ट हलचल|नगरपालिका सूरौठ के नवगठित बोर्ड की साधारण सभा की पहली बैठक बुधवार को यहां पालिका सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगरपालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमला महावर ने की। बैठक में तहसीलदार एवं कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में अधिकतर पार्षदों ने कस्बा सूरौठ में विभिन्न स्थानों पर जलदाय विभाग की पाइपलाइन लीकेज होने से दूषित पानी की आपूर्ति होने के मुद्दे को पुरजोर ढंग से उठाया। पार्षदों ने कहा कि पाइप लाइनों के जर्जर होने के कारण नालियों का गंदा पानी पाइप लाइनों में पहुंच रहा है जिससे नलों में दूषित पानी आ रहा है। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की मुख्य समस्याओं को सदन के समक्ष रखा।
बैठक में पार्षदों ने लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं जैसे- खराब सड़कों, अतिक्रमण, नालियों के अवरुद्ध होने सहित कई समस्याओं को सदन के समक्ष रखा। बैठक में अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार, पीडब्ल्यूडी जेईएन ध्यानसिंह पोसवाल, जलदाय विभाग के जेईएन विनीत पाराशर, बिजली निगम के जेईएन राजेश मीणा, नगर पालिका जेईएन राजीव धाकड़, वरिष्ठ लिपिक अरिहंत जैन, सफाई निरीक्षक खेमराज मीणा, सहायक कर्मचारी जमील खान आदि ने पार्षदों की समस्याएं सुनी। बैठक में पालिका अध्यक्ष कमला महावर ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर मूलभूत समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया गया। बैठक में पार्षद मोहित सिंह सुल्तानोत ने आम रास्तों से अतिक्रमण हटाने, पट्टा जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने, सूरौठ में बस स्टैंड के लिए भूमि आवंटित करवाने एवं सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की। इसी तरह पार्षद राहुल नांगरिया ने वार्ड संख्या 3 में रोड लाइट लगाने, नालियो व रोड की मरम्मत, हर घर नल योजना को चालू करवाने एवं बाजार में पिक टॉयलेट का निर्माण करवाने की मांग की। पार्षद अभयसिंह मीणा ने ब्राह्मणों का नंगला को जाने वाले रास्ते में व्याप्त जल भराव की समस्या का समाधान करवाने एवं शमशान स्थल में पेयजल टंकी बनवाने की बात कही। पार्षद आशीष खटीक ने नालियों की सफाई करवाने एवं सड़क बनाने की मांग की।