एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़ ने राजियावास, लगेतखेड़ा व जैताखेड़ा में परखी व्यवस्थाएं, पेयजल, बिजली और रैम्प सहित मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ ने पंचायत समिति नरबदखेड़ा की ग्राम पंचायत राजियावास, लगेतखेड़ा एवं जैताखेड़ा स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, रैम्प, स्वच्छता तथा मतदाताओं के सुगम आवागमन से जुड़ी सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार कर उन्हें समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
राठौड़ ने कहा कि मतदान केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदान के दिन मतदाताओं एवं निर्वाचन कार्मिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने केंद्रों पर साफ-सफाई बनाए रखने, आवागमन सुगम रखने तथा निर्वाचन संबंधी तैयारियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, जिससे पंचायती राज चुनाव की प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।