युवतियों को आत्मनिर्भर बनने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का किया आह्वान
हिण्डौन सिटी।स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जयपुर प्रांत के तत्वावधान में करौली जिले के हिण्डौन सिटी में नारी युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में नारी शक्ति, युवतियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवतियों को शिक्षा और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद हिण्डौन सिटी की पार्षद एवं सामाजिक कार्यकर्ता रेखा जैन उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जयपुर प्रांत की प्रांत छात्रा प्रमुख अंजलि चौरसिया ने युवतियों को संबोधित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. हेमलता शर्मा मौजूद रहीं। कार्यक्रम में जिला छात्रा प्रमुख निशा जागा, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य नैना सैनी और हिण्डौन सिटी नगर मंत्री कुंजल सेन की भी विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के परिचय और स्वागत के बाद दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर सवाई माधोपुर एवं भरतपुर विभाग के विभाग संगठन मंत्री अनिरुद्ध कुलश्रेष्ठ, सवाई माधोपुर विभाग संयोजक लोकेश कुमार मीणा, करौली जिला प्रमुख सुरेंद्र शांडिल्य और जिला संयोजक तिलक भारद्वाज भी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि युवतियां समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इसके लिए शिक्षा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने नारी शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहभागिता और महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही युवतियों से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में युवतियों को अपने व्यक्तित्व का विकास करने, चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने और सामाजिक एवं राष्ट्रीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।