गुलाबपुरा के किराणा स्टोर से लेकर भीलवाड़ा के गोदाम तक छापेमारी, धनिया पाउडर और केसर बाटी के नमूने जांच के लिए भेजे
भीलवाड़ा, 16 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|दीपावली से पहले आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में कार्रवाई तेज कर दी है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत विभागीय टीमों ने गुलाबपुरा के कृष्णा किराणा स्टोर और भीलवाड़ा के रेलवे स्टेशन रोड स्थित जैन बीकानेर के गोदाम का निरीक्षण किया। दोनों प्रतिष्ठानों पर करीब 515 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया। साथ ही धनिया पाउडर और केसर बाटी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुलाबपुरा स्थित कृष्णा किराणा स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान पर तेल, मसाले, बादाम सहित करीब 15 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री मिली। टीम ने नियमानुसार इसे मौके पर ही नष्ट करवाया। इस दौरान जेके ब्रांड के धनिया पाउडर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। कार्रवाई के समय खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव मौजूद रहे।
इधर, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. दिलराज मीणा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित जैन बीकानेर के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। यहां बड़ी मात्रा में अवधिपार खाद्य सामग्री मिलने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलोग्राम सोहन पपड़ी, पेप्सी, रसगुल्ले, खजूर, राजभोग, सॉस की बोतलों सहित अन्य खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया। निरीक्षण के दौरान जैन श्री ब्रांड की केसर बाटी का नमूना भी लिया गया। इसे गुणवत्ता की जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, अंकित शर्मा, संजय वर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
त्योहारी सीजन में दुकानों और गोदामों पर निगरानी
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें बाजारों, दुकानों और गोदामों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावट और अवधिपार खाद्य सामग्री से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
खाद्य पदार्थ खरीदते समय बरतें सावधानी
सीएमएचओ ने आमजन से अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर अंकित निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, पैकिंग और गुणवत्ता की जांच अवश्य करें। किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितता की जानकारी मिलने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।