बेटियां पूरे समाज की धरोहर, सरफराज वारसी ने 208 कन्याओं का किया पूजन
गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बने सरफराज वारसी, 208 कन्याओं का पूजन कर कराया भोज
कोटा।स्मार्ट हलचल|धार्मिक सौहार्द, आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए एकता सेवा संस्थान के निदेशक सरफराज वारसी ने आंवली रोजड़ी स्थित राजकीय विद्यालय में 208 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया। आयोजन में भारतीय संस्कृति की साझा परंपराओं और बेटियों के प्रति सम्मान की भावना का परिचय देखने को मिला।
सरफराज वारसी ने श्रद्धापूर्वक कन्याओं के चरण वंदन कर तिलक लगाया। इसके बाद उन्हें हलवा, पूरी, फल और विभिन्न पकवान परोसे गए। कन्याओं को उपहार एवं दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया।
इस अवसर पर सरफराज वारसी ने कहा कि बेटियां किसी एक धर्म की नहीं, बल्कि पूरे समाज की धरोहर हैं। भारतीय संस्कृति प्रेम, सम्मान और साझा परंपराओं की नींव पर टिकी है। ऐसे आयोजन समाज में अपनत्व बढ़ाने के साथ धार्मिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम की स्थानीय नागरिकों, विद्यालय प्रशासन और गणमान्य लोगों ने सराहना की। इस दौरान एकता सेवा संस्थान के कार्यकर्ता, विद्यालय के शिक्षक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।