अदिति की ‘किंगडम’ को ऑस्ट्रेलिया में प्रथम पुरस्कार

विक्टोरिया के प्रीमियर के दीपावली समारोह में आमंत्रण, पति पार्थ शर्मा भी बढ़ा रहे मेवाड़ का गौरव

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|मेवाड़ की बेटी अदिति शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी कला का परचम लहराते हुए राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। मेलबर्न में आयोजित वर्वे (VERVÉ) कला प्रदर्शनी में उनकी कृति ‘किंगडम’ को प्रथम पुरस्कार मिला। इस उपलब्धि के बाद उन्हें विक्टोरिया के प्रीमियर बेन कैरोल के दीपावली समारोह और गवर्नर मार्गरेट गार्डनर के गवर्नमेंट हाउस में आयोजित बहुसांस्कृतिक सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया। भीलवाड़ा के महिला आश्रम से शिक्षा प्राप्त करने वाली अदिति ने व्यवसाय प्रबंधन में स्नातकोत्तर किया। वर्ष 2016 में मेलबर्न जाने के बाद उन्होंने कला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। बचपन से कला में रुचि रखने वाली अदिति ने प्रसिद्ध जोशी परिवार से पारंपरिक फड़ चित्रकला सीखी। उनकी कृति ‘किंगडम’ भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाती है। अदिति ऑस्ट्रेलिया में दीपावली, दधीचि जयंती और तीज जैसे भारतीय पर्वों के आयोजनों में सक्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब चार लाख फॉलोअर्स हैं। उनका चयन प्रसिद्ध डिजाइनर विक्रम फड़नीस के ‘अनंता फैशन शो’ के लिए भी हुआ है, जो 13 नवंबर को प्रस्तावित है। अदिति के पति पार्थ शर्मा भी मूल रूप से भीलवाड़ा के निवासी हैं और ऑस्ट्रेलिया में उच्च पद पर कार्यरत हैं। वे राजस्थान फाउंडेशन के ऑस्ट्रेलिया चौप्टर के सचिव हैं। अदिति कला और पार्थ सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विदेश में मेवाड़ और राजस्थान का मान बढ़ा रहे हैं।