स्मार्ट हलचल।
मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, रोशनी व अन्य सुविधाएं समय पर जुटाने के निर्देश, पीईईओ और बीएलओ को सौंपी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ ने सात ग्राम पंचायतों के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।एसडीएम राठौड़ ने ग्राम पंचायत फतहगढ़सला, रूपनगर, सरगांव, सराधना, पाखरियावास, सुहावा एवं लसाड़िया के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्वाचन संबंधी तैयारियों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने मतदान दलों के ठहरने की व्यवस्था, काउंटिंग रूम, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राठौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (पीईईओ) एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा मतदान केंद्रों पर स्वच्छता, पेयजल और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। सभी अधिकारी एवं कार्मिक आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियां पूरी करें, ताकि मतदान दलों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सके।