मेघवाल समाज की भूमि आवंटन की मांग उठी, जनप्रतिनिधियों ने दिया विकास का भरोसा

सभापति पुष्पा बल्दुआ और उपसभापति दीक्षांत हरचंदानी का सम्मान, शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान

अनिल कुमार खीची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।श्री मेघवाल समाज सेवा संस्थान, ब्यावर की ओर से शुक्रवार को दुर्गा चौक स्थित शाहपुरा मोहल्ले में जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नगर परिषद सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ, उपसभापति दीक्षांत हरचंदानी सहित समाज के नवनिर्वाचित पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। इस दौरान समाज की लंबित भूमि आवंटन की मांग प्रमुखता से उठाई गई।संस्थान के सचिव शानू मेघवाल ने बताया कि सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ ने शहर में रोशनी, सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य करवाने का भरोसा दिलाया। उपसभापति दीक्षांत हरचंदानी ने समाज को आश्वस्त किया कि वे हर समय सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।

संस्थान अध्यक्ष तिलोक तालेपा ने कहा कि समाज के लिए भूमि आवंटन की मांग को लेकर संस्थान वर्ष 2023 से लगातार प्रयासरत है। इस संबंध में नियमानुसार आवेदन भी किया जा चुका है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से लंबित फाइल पर विचार कर समाज को भूमि आवंटित करवाने में सहयोग करने की अपील की।

पार्षद भरत बाघमार ने वार्ड के विकास और समाज की मांगों को उचित मंच पर उठाने का भरोसा दिया। पार्षद संजय चौहान ने समाजबंधुओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा से ही समाज की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने भूमि आवंटन की वर्षों पुरानी मांग को भी आगे बढ़ाने की बात कही।

समारोह में मेघवाल समाज के नवनिर्वाचित पार्षद भारत बाघमार, संजय चौहान, प्रदीप कुमार मेघवाल, चेतन राम मेघवाल एवं आरती सिंघानिया सहित ब्यावर विधानसभा के नवनिर्वाचित कांग्रेस यूथ अध्यक्ष पुष्पेंद्र पवार, संरक्षक मंडल सदस्य रामस्वरूप भाटी तथा समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन मोहनलाल जनागल ने किया। कार्यकारिणी सदस्य रवि पालड़िया ने बताया कि जगदंबा टेंट एंड लाइट डेकोरेशन के धर्मेंद्र तालेपा ने समारोह में निःशुल्क टेंट व्यवस्था उपलब्ध करवाई। संस्थान की ओर से अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के सदस्य मौजूद रहे।