कोटा।स्मार्ट हलचल|अमृतम सेवा संस्थान की ओर से संतोषी नगर स्थित त्रिलोकी महादेव मंदिर परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच, मोतियाबिंद परामर्श तथा बीपी-शुगर जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 200 मरीजों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया, जबकि 15 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिह्नित कर भेजा गया।
संस्थान की अध्यक्ष ज्योति यादव ने बताया कि शिविर में नेत्र परीक्षण के साथ रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकतानुसार चश्मे उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी रखी गई। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और समय रहते नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान करना रहा।
कार्यक्रम में सहयोगी सदस्य अनीता चौधरी, इंदु चौधरी, डॉ. सावित्री बैरवा, अमिता मेहरा, मोहिनी देवी और मीरा यादव सहित अन्य सदस्यों ने मरीजों की सहायता की। उन्होंने मरीजों की काउंसलिंग की तथा फल वितरित किए।
शिविर में वार्ड 88 की पार्षद मंजू विजय, राम अवतार, रमेश भारद्वाज, भंवर लाल पारेता और कार्यक्रम संयोजक विजय बाकोलिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने शिविर में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार जताया।