कोचिंग से बाइक पर लौट रहा था रविराज, बड़ला चौराहे पर काल बनकर आया डंपर; परिवार में मचा कोहराम
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|कोचिंग से पढ़कर घर लौट रहे 18 वर्षीय छात्र रविराज की जिंदगी घर पहुंचने से पहले ही सड़क पर थम गई। शनिवार सुबह बड़ला चौराहे पर तेज टक्कर ने एक परिवार के इकलौते सहारे की खुशियां छीन लीं। हादसे में कक्षा 11वीं के छात्र रविराज पुत्र चैनसिंह पुरावत निवासी अमरतिया की मौत हो गई। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार, रविराज सवाईपुर से कोचिंग कर बाइक पर अपने गांव अमरतिया लौट रहा था। इसी दौरान गिट्टी खाली कर कमालपुरा से लौट रहे डंपर ने बड़ला चौराहे पर उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल रविराज को तत्काल भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचते ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। जिस बेटे के घर लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया। अमरतिया गांव में भी शोक की लहर छा गई। पढ़ाई कर भविष्य संवारने की राह पर निकले छात्र की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है।
पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया
सूचना पर बड़लियास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।