(पुराने ठेके होंगे निरस्त ,पालीका जमीन से हटेगा अतिक्रमण)
गंगापुर
(दिनेश लक्षकार)
स्मार्ट हलचल|स्थानीय नगर पालिका के नवगठित बोर्ड की पहली बैठक शनिवार को पालिका के सभागार में अध्यक्ष प्रीति काकानी की अध्यक्षता एवं विधायक लादूलाल पितलिया के आतिथ्य में आयोजित हुई। बैठक में मेले का आयोजन करने सहित नगर के विकास,अतिक्रमण,पुरानी सब्जी मंडी की जमीन,संविदा कर्मियों,गौशाला के ठेकों और निराश्रित गोवंश की समस्या को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नगर पालिका की जमीनों से अतिक्रमण हटाने,निराश्रित गोवंश को पकड़कर गौशाला भेजने और नियमानुसार जुर्माना वसूलने सहित विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति बनी। क्षेत्रीय विधायक लादूलाल पितलिया ने बैठक में स्पष्ट किया कि नगर पालिका की जमीन पर कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बैठक की शुरुआत में पालिकाध्यक्ष प्रीति काकाणी ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद अब सभी 25 पार्षद जनता के सेवक हैं। नगर पालिका क्षेत्र के किसी भी वार्ड के विकास में भेदभाव नहीं किया जाएगा। सभी वार्डों के चहुंमुखी विकास के लिए बोर्ड की बैठकों में विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिए जाएंगे।नगर को स्वच्छ,सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने की जिम्मेदारी सभी पार्षदों की है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका प्रशासन का सहयोग आवश्यक है। बैठक में विधायक पितलिया ने नगर पालिका की जमीनों पर कथित अवैध कब्जों का मुद्दा उठाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर पालिका की जमीनों का निरीक्षण करवाया जाए और जहां भी अतिक्रमण मिले, उसे हटाने की कार्यवाही तत्काल प्रभाव से की जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी का भी कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने अधिकारियों से इस मामले में गंभीरता बरतने और स्पष्ट कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। वार्ड संख्या 25 की पार्षद राधा देवी रेगर ने सांखला कॉम्प्लेक्स के बाहर हो रहे अतिक्रमण की समस्या भी उठाई। इस पर विधायक पितलिया ने नगर पालिका प्रशासन को निर्देश दिए कि उसी दिन कार्यवाही कर रिपोर्ट पेश की जाये। बैठक में नगर पालिका की ओर से मेले की आयोजन का प्रस्ताव रखा गया जिस पर सभी पार्षदों ने सहमति जताई।पार्षद तुषार अग्रवाल और सुरेश तिवारी ने सुझाव दिया कि मेले की आयोजन में अनावश्यक खर्च से बचते हुए उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि मेला सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नगर की परंपरा से जुड़ा आयोजन है इसलिए इसका व्यवस्थित तरीके से आयोजन किया जाना चाहिए। पार्षद राधा देवी रेगर ने मेले में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को मर्यादित रखने की बात कही उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान फूहड़ गीत शामिल नहीं किए जाने चाहिए ताकि मेले का माहौल पारिवारिक और सांस्कृतिक बना रहे। पुरानी सब्जी मंडी की जमीन की नीलामी के प्रस्ताव पर बैठक में चर्चा हुई जिस पर पालिका उपाध्यक्ष रश्मि चौहान ने सुझाव दिया कि इस जमीन को बालिकाओं के लिए लाइब्रेरी स्थापित करने के उद्देश्य से सुरक्षित रखना चाहिए। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा और अध्ययन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्थान का उपयोग पुस्तकालय के रूप में रखने की बात रखी। अधिशासी अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि नगरपालिका की और से नगर में पहले से ही अन्य स्थान पर लाइब्रेरी संचालित की जा रही है।उन्होंने तर्क दिया कि पुरानी सब्जी मंडी की जमीन की नीलामी राशि का उपयोग वार्डों के विकास कार्यों के लिए किया जा सकेगा। इस मुद्दे पर बैठक में दोनों पक्षों ने अपने-अपने सुझाव रखें नगर पालिका में संविदा कर्मियों को रखने और गौशाला से संबंधित ठेकों को लेकर भी चर्चा हुई ठेकों के संबंध में शिकायत के सामने आने के बाद पूर्व में की गई निवेदनों को निरस्त करने का प्रस्ताव रखा गया जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में कबाड़ की नीलामी का प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित किया गया ।नगर में निराश्रित गोवंश के कारण आमजन को हो रही परेशानी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले गोवंश से यातायात प्रभावित होने और नागरिकों को होने वाली है सुविधा को देखते हुए सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि निराश्रित गोवंश को पड़कर गौशाला में भिजवाया जाएगा इसके साथ ही नियमानुसार जुर्माना वसूल करने की कार्यवाही की जाएगी। बैठक में नगर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। बैठक से पूर्व नगर पालिका कर्मचारियों ने क्षेत्रीय विधायक पितलिया सहित नवनिर्वाचित पार्षदों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत और अभिनंदन किया। बैठक में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता बृजेंद्र सिंह,जलदाय विभाग के सहायक अभियंता रविंद्र कुंतल सहित पार्षदगण मौजूद थे।