किताबी ज्ञान से आगे बढ़े विद्यार्थी, भारत के इतिहास और विरासत पर परखी प्रतिभा

भ्ज्ञारत विकास परिषद की 30 टीमों के बीच मुकाबला, हाईटेक बजर और रैपिड फायर राउंड ने बढ़ाया रोमांच
शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी।
स्मार्ट हलचल|देश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों की विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद राजस्थान मध्यप्रांत की ओर से रविवार को शाहपुरा के आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जूनियर और सीनियर वर्ग की 30 टीमों के 120 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और सामान्य ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया। हाईटेक सॉफ्टवेयर और एक सेकंड के एक लाखवें हिस्से तक की गणना करने वाले बजर सिस्टम से प्रतिभागियों की गति और सटीकता परखी गई। बड़ी स्क्रीन पर चित्र, ऑडियो और वीडियो के माध्यम से प्रश्न पूछे गए। पांच चरणों में आयोजित मुकाबले में सामान्य प्रश्नोत्तरी, बजर और रैपिड फायर राउंड ने रोमांच बनाए रखा। उत्तर तत्काल स्क्रीन पर प्रदर्शित होने से प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा और तेज हो गई।
दीप प्रज्ज्वलन से शुरुआत
उद्घाटन समारोह में उद्योगपति एसएन झंवर मुख्य अतिथि रहे। भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी.डी. शर्मा, राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य संस्कार मुकेश लाठी, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी, गतिविधि सदस्य संस्कार ज्योति माहेश्वरी, प्रांतीय अध्यक्ष सतीश तापड़िया और प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़ मौजूद रहे। अतिथियों ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
आयोजक शाखा शाहपुरा के अध्यक्ष पवन बांगड़, सचिव सत्यनारायण सेन, वित्त सचिव कैलाश गोठवाल, शाखा संयोजक संस्कार द्वारका प्रसाद जोशी और प्रांतीय प्रतिनिधि जयदेव जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया।
सेवा और संस्कार से राष्ट्र निर्माण
मुख्य अतिथि एसएन झंवर ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना जागृत करती हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी.डी. शर्मा ने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा और संस्कार के माध्यम से राष्ट्र की सेवा के उद्देश्य से कार्य करती है। प्रतियोगिता बच्चों को भारतीय संस्कृति, इतिहास और परंपराओं से परिचित कराने का माध्यम है। क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी ने बताया कि परिषद की ओर से देशभर में यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी भाग लेते हैं। सामान्य ज्ञान बच्चों के बौद्धिक विकास और भविष्य की प्रतियोगिताओं की तैयारी में सहायक होता है।
प्रांतीय अध्यक्ष सतीश तापड़िया ने आयोजन को नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। जयदेव जोशी ने कहा कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और विरासत से बच्चों को जोड़ना समय की आवश्यकता है। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ टीम भावना, आत्मविश्वास और अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर प्रदान किया।