नवरात्रि में श्रीयंत्र का 301वां इत्र अभिषेक, सुगंध और भक्ति से महका आराधना पर्व

स्मार्ट हलचल।

अनिरुद्ध शर्मा के सानिध्य में हुआ भव्य अनुष्ठान, छह घंटे तक श्रद्धालुओं ने किया इत्र अभिषेक

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नवरात्रि के पावन पर्व पर अजमेरी गेट स्थित बंशी भवन में श्रीयंत्र का 301वां इत्र अभिषेक श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ आयोजित किया गया। काली मैया के परम आराधक अनिरुद्ध शर्मा के सानिध्य में हुए इस विशेष अनुष्ठान में शहर के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इत्र की मनमोहक सुगंध, वैदिक मंत्रोच्चार और आकर्षक सजावट से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

राजकंवरी देवी एवं शांतिदेवी-अशोक कुमार शर्मा की ओर से आयोजित अनुष्ठान में दोपहर 12:15 बजे श्रीयंत्र की स्थापना के साथ इत्र अभिषेक प्रारंभ हुआ, जो शाम 6:15 बजे तक चला। इस दौरान श्रद्धालुओं ने रजत कलश में इत्र भरकर काली आराधना के मंत्रोच्चार के साथ श्रीयंत्र का अभिषेक किया। चुनरी से सजे पंडाल में आकर्षक विद्युत रोशनी और पुष्प सज्जा ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

अनिरुद्ध शर्मा ने बताया कि श्रीयंत्र का इससे पूर्व विभिन्न नदियों के पावन जल, सूखे मेवे, सुगंधित द्रव्यों, पंचामृत, अनाज, दाल-दलहन, केसर और सिंदूर सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया जा चुका है। 301वें इत्र अभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने मां काली के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता निभाई।

शाम 6:30 बजे महाआरती के साथ अनुष्ठान का समापन हुआ। आयोजन में अशोक शर्मा, हेमंत शर्मा, कमलेश, अमित बंसल, भागचंद चौहान, गोपाल वर्मा, मयंक सिंघल, आशीष गोयल, यश, लक्ष्य, शुभम, एकता शर्मा, विधि, मनीषा, गुड़िया एवं कल्पना सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सेवाएं प्रदान कीं।