अष्टमी पर आज आशापुरा माता धाम में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

भव्य मेले और भंडारे का होगा आयोजन, भजन संध्या में रोशन एंड पार्टी की झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल। आशापुरा माता धाम में शारदीय नवरात्र महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्र के चलते मंदिर में प्रतिदिन मां आशापुरा का आकर्षक श्रृंगार किया जा रहा है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी और फूलों से सजाया गया है। प्रतिदिन होने वाली आरती और भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।

भजन संध्या में भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु

सप्तमी के अवसर पर आयोजित भजन संध्या में श्री के. सुदामा भजन मंडल के भागचंद चौहान, हेमेन्द्र शर्मा एवं विजय अनुरोध के दल ने मधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। भजन संध्या के पश्चात आयोजित गरबा कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गरबा आयोजन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया।

अष्टमी पर मेले, भंडारे और भव्य भजन संध्या का आयोजन

नवरात्र महोत्सव के तहत आज अष्टमी पर आशापुरा माता धाम में विशाल मेले एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे से विशेष भजन संध्या में प्रसिद्ध रोशन एंड पार्टी की ओर से सजीव झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, के. सुदामा भजन मंडल के कलाकार भजनों के माध्यम से मां की महिमा का गुणगान करेंगे। विभिन्न आकर्षक झांकियों के जरिए प्रभु चरित्र का मंचन भी किया जाएगा।

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अष्टमी के पावन अवसर पर अधिकाधिक संख्या में धाम पहुंचकर मां आशापुरा के दर्शन करने, भजन संध्या में भाग लेने तथा भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।