पंकज पोरवाल
बालक-बालिकाओं की गरबा और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में दिखा उत्साह, सोमवार को नवरात्र महोत्सव का अंतिम गरबा और महाआरती
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|भक्ति, उल्लास और रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा के बीच श्री बाबाधाम में नवरात्र महोत्सव की रौनक परवान पर है। रविवार को बालक-बालिकाओं के गरबा एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बेहतर गरबा नृत्य और वेशभूषा के आधार पर चयनित प्रतिभागियों को मां के दरबार में सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। श्री बाबाधाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित महोत्सव में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ गरबा कार्यक्रम हो रहे हैं। रविवार को 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए प्रतियोगिता रखी गई। इसमें प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधानों में गरबा नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। सोमवार को 16 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियों और महिला-पुरुषों के लिए गरबा प्रतियोगिता होगी। श्री बाबाधाम के मीडिया एवं गरबा प्रभारी राजेश नैनावटी ने बताया कि सोमवार को नवरात्र महोत्सव का अंतिम गरबा और विशेष महाआरती आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस दौरान बाबाधाम परिवार की ओर से विशेष फैंसी ड्रेस गरबा प्रस्तुत किया जाएगा। इसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। हर वर्ष की तरह इस बार भी गरबा पांडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भर रहा है और जगह नहीं मिलने पर भक्त मंदिर के बाहर खड़े होकर कार्यक्रम का आनंद ले रहे हैं। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 7.15 बजे आरती और सुबह 9.15 बजे आचार्य गोविन्द गौतम एवं पंडितों के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन व यज्ञ में आहुतियां दी जा रही हैं। रविवार को विशेष हवन-पूजन के साथ श्री लक्ष्मी यज्ञ भी किया गया। शाम 7.15 बजे होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं, जबकि रात 8 बजे गरबा नृत्य शुरू होता है। माताजी का प्रतिदिन विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। गरबा देखने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था भी की गई है।