आगूंचा में विस्फोट से दहला इलाका, पिकअप के उड़े परखच्चे

मकानों में आईं दरारें, बाड़े की दीवार ढही; 10 फीट दूर जा गिरा इंजन, चालक की मौत

भीलवाड़ा, 19 अक्टूबर।
स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के आगूंचा गांव में सोमवार सुबह हुए जोरदार विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। धमाका इतना भीषण था कि आसपास के मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवारों में दरारें आ गईं। बाड़े की दीवार धराशायी हो गई, जबकि धमाके की तेज आवाज सुनकर दहशत में आए लोग घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामदेव खटीक के बाड़े में विस्फोटक सामग्री से भरी एक पिकअप खड़ी थी। इसी दौरान अचानक हुए धमाके से वाहन के परखच्चे उड़ गए। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिकअप का इंजन करीब 10 फीट दूर जा गिरा, जबकि टायर और चेसिस के हिस्से दूर-दूर तक बिखर गए। धमाके से बाड़े की दीवार भी मलबे में तब्दील हो गई।
विस्फोट के बाद घटनास्थल पर आग लग गई। आसपास के लोग आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे। मलबे के बीच पिकअप चालक का शव मिलने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बूंदी निवासी राम अवतार (35) की मौत हो गई।
गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। पिकअप में रखी विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी और उसे बाड़े में रखने का उद्देश्य क्या था, इसकी जांच की जा रही है।
विस्फोट के वास्तविक कारणों और वाहन में रखी सामग्री की प्रकृति का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ।