श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार ने निकाली भव्य प्रभात फेरी, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार की ओर से ब्यावर जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना को लेकर भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। श्रद्धालुओं ने आशापुरा माता मंदिर पहुंचकर माता रानी के श्रीचरणों में ध्वज अर्पित किया तथा जिले की निरंतर प्रगति और नागरिकों के सुखमय जीवन की प्रार्थना की।प्रभात फेरी रघुनाथ जी के बड़े मंदिर स्थित भारत माता सर्किल से रवाना होकर आशापुरा माता मंदिर पहुंची। प्रभात फेरी में श्रद्धालु ज्योत एवं ध्वज लेकर माता रानी के जयकारे लगाते हुए भक्ति भाव से शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
मंदिर पहुंचने पर माता रानी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद माता के श्रीचरणों में ध्वज अर्पित करने के साथ बेस एवं शृंगार सामग्री भेंट की गई। इस दौरान परिवार के भजन गायकों ने माता रानी के भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे।
परिवार के संयोजक संजय घीया ने बताया कि श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार की ओर से प्रतिवर्ष धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से जनकल्याण और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। शारदीय नवरात्र में ध्वज अर्पित कर माता रानी से ब्यावर जिले की उन्नति, खुशहाली और समस्त नागरिकों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे।