जिला परिषद सदस्य पद पर नहीं खुला खाता, नामांकन के लिए प्रत्याशियों के सामने अभी चार दिन का मौका
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन पहले दिन प्रत्याशियों में खास उत्साह नजर नहीं आया। जिला परिषद और जिले की चार पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए कुल एक ही नामांकन पत्र दाखिल हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन प्रस्तुत नहीं किया। वहीं, पंचायत समिति जैतारण में एक उम्मीदवार ने अपना पर्चा दाखिल किया। जिले की अन्य पंचायत समितियों में पहले दिन कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक है। 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी, जबकि 26 अक्टूबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
आगामी दिनों में बढ़ेगी चुनावी सरगर्मी
नामांकन के पहले दिन कम संख्या में पर्चे दाखिल होने के बाद अब राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियों पर नजर रहेगी। अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ नामांकन प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है। फिलहाल जिला परिषद सदस्य पद पर नामांकन का खाता नहीं खुला है, जबकि जैतारण से एक प्रत्याशी ने चुनावी मैदान में कदम रख दिया है।