गोकुल विहार चौराहे पर रिसाव के बाद भड़की लपटें, दमकल ने पाया काबू; पाइपलाइन की स्थिति को लेकर अब भी संशय
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|शहर के गोकुल विहार चौराहे के पास मंगलवार शाम जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन पाइपलाइन में गैस का रिसाव पूरी तरह बंद हुआ है या नहीं, इसे लेकर संशय बना हुआ है। ऐसे में आसपास के क्षेत्र में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
कोतवाली पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार शाम गैस पाइपलाइन से अचानक रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कोतवाली थाने के केट वाहन में सवार पुलिसकर्मियों की नजर आग पर पड़ी। उन्होंने तत्काल नगर निगम को सूचना दी। इसके बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी हनुमान सिंह भी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास जमा लोगों को पाइपलाइन से दूर हटाया। हालांकि आग बुझने के बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि पाइपलाइन में गैस का रिसाव पूरी तरह बंद हो चुका है या नहीं। इस स्थिति ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने गैस पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी के संपर्क नंबर जुटाने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल संबंधित कंपनी का नंबर नहीं मिल पाया। ऐसे में पाइपलाइन की तकनीकी जांच और रिसाव की वास्तविक स्थिति का पता लगाने को लेकर तत्काल कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन में रिसाव और आग लगने की घटना बेहद गंभीर है। यदि समय रहते रिसाव के कारणों का पता लगाकर उसे पूरी तरह बंद नहीं किया गया, तो बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित गैस एजेंसी से तत्काल तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर भेजकर पाइपलाइन की जांच कराने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।