पुलिस शहीद दिवस पर 154 वीर सपूतों को किया नमन, ब्यावर पुलिस लाइन में दी श्रद्धांजलि

एसपी रतन सिंह ने शहीद जवानों के नामों का किया वाचन, परेड और राइफल फायर से दी सलामी; शहीद एएसआई डगरा राम के परिजनों का किया सम्मान

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आमजन की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार को पुलिस लाइन ब्यावर में पुलिस शहीद दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने देशभर में 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच शहीद हुए 154 पुलिस जवानों के नामों का वाचन किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शोक शस्त्र की मुद्रा में परेड कर वीर सपूतों को सम्मान दिया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। परेड के दौरान राइफल से फायर कर शहीद जवानों के बलिदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, ब्यावर शहर के पुलिस उप अधीक्षक नरेंद्र पारीक, जिले के थानाधिकारी, पुलिस लाइन के संचित निरीक्षक, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने पुष्पचक्र, माला एवं पुष्प अर्पित कर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्वर्गीय डगरा राम, सहायक उपनिरीक्षक के परिजनों का भी सम्मान किया गया।

पुलिस लाइन में किया पौधारोपण

शहीद दिवस के अवसर पर सेवा एवं समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया। साथ ही जिले के सभी पुलिस कार्यालयों एवं थानों में साफ-सफाई और वृक्षारोपण के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बलिदान से मिलती है कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा

उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में भारत-चीन सीमा पर मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिस जवानों की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। साथ ही यह पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को साहस, सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।