​राजगढ़ पंचायत समिति चुनाव: पहले ही दिन 9 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा, सियासी पारा चढ़ा

सादुलपुर, (बजरंग आचार्य )-
स्मार्ट हलचल|​राजगढ़ उपखंड क्षेत्र में पंचायती राज चुनावों के पहले ही दिन चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। निर्वाचन प्रक्रिया के प्रथम चरण के तहत बुधवार को कार्यालय रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, राजगढ़ (चूरू) द्वारा राजगढ़ पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन हेतु कुल 9 उम्मीदवारों के नामांकनों की एकीकृत (समेकित) सूची आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई है।
चुनाव के पहले ही दिन इस सूची के सामने आने के साथ ही क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चुनावी गणित को लेकर सरगर्मियां बेहद तेज हो गई हैं।
​कार्यालय से जारी अधिकृत विवरण के अनुसार, चुनावी मैदान में उतरे 9 प्रत्याशियों में प्रमुख राजनीतिक दलों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा इंडियन नेशनल कांग्रेस के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से वार्ड संख्या 8 से विजयपाल (ग्राम विजयपुरा), वार्ड 11 से रीना जांगिड़ (बैरासर मंझला), वार्ड 12 से सुमन रानी (हरपालू सांवल) और वार्ड 16 से संजय कुमार (लुटाणा अमीचंद) ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए ‘कमल’ चुनाव चिन्ह के साथ ताल ठोकी है।
​दूसरी ओर, इंडियन नेशनल कांग्रेस के टिकट पर वार्ड संख्या 14 से सुरेश (ग्राम भाकरां), वार्ड 15 से अशोक कुमार (गाँव थान मुठूई ) तथा वार्ड 17 से रवीना (लुटाणा राजू) ने अपने पर्चे दाखिल किए हैं, जो पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘हाथ’ के साथ चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं।
​दलगत प्रत्याशियों के अतिरिक्त 2 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी पहले ही दिन अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर चुनावी जंग को बेहद दिलचस्प बना दिया है। डाबली ढाणी निवासी कौशल्या ने वार्ड संख्या 9 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरा है, जिन्होंने सेब, बाल्टी व गुब्बारे को चुनाव चिन्ह के रूप में मांगा है। वहीं वार्ड संख्या 15 से ग्राम बाधा छोटी निवासी संजय कुमार ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा दाखिल कर अलमारी, सेब और रेफ्रिजरेटर जैसे चुनाव चिन्हों का विकल्प दिया है।
​प्रशासनिक तैयारियों के संबंध में जानकारी देते हुए रिटर्निंग ऑफिसर (उपखण्ड मजिस्ट्रेट) डॉ. मनोज खेमादा ने बताया कि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। नामांकन दाखिल होने के बाद सभी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को साधने के लिए घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।