भरत देवड़वाल
निवाई।स्मार्ट हलचल|नगरपालिका मंडल, निवाई के तत्वावधान में प्रताप स्टेडियम में चल रही रामलीला महोत्सव में गुरुवार रात्रि को वृंदावन रास और फूलों की होली का अलौकिक मंचन किया गया। आर्यवीर कलाकार रंगमंच संस्थान के कलाकारों की प्रस्तुति देखने शहर सहित ग्रामीण अंचल से हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े।कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष नरेंद्र जयसिंहपुरा, भाजपा चुनाव प्रभारी नीरज शर्मा, शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा एवं पार्षदों द्वारा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की महाआरती व दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।रंगमंच संस्थान के पवन शर्मा ने बताया कि कलाकारों ने महारास के माध्यम से राधा-कृष्ण के अलौकिक प्रेम और ब्रज की पारंपरिक होली को जीवंत कर दिया। “होरी खेल रहे नंदलाल, आज बिरज में होरी रे रसिया, फाग खेलन आए हैं बनवारी” जैसे भजनों पर पूरा स्टेडियम झूम उठा। ढोलक-झांझ की थाप और राधे-राधे के जयकारों से परिसर गूंजायमान हो गया।
मुख्य आकर्षण के रूप में राधा-कृष्ण के स्वरूपों पर गुलाब, गेंदा और मोगरे के फूलों की वर्षा की गई, जिससे पांडाल सुगंधित हो उठा। महिला-पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों ने जमकर फूलों की होली खेली।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा श्री गणेश प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया।
*अगले कार्यक्रम:*
नगरपालिका अध्यक्ष जयसिंहपुरा ने बताया कि शनिवार को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें अनिल चौबे, शशिकांत यादव, गौरव चौहान, सोनल जैन, सोनरूपा विशाल सहित देश के ख्यातनाम कवि शिरकत करेंगे। वहीं 25 अक्टूबर को महोत्सव के समापन पर इंडिया लाफ्टर फेम कलाकारों द्वारा भव्य गीत-संगीत संध्या एवं उज्जैन के मलखम ग्रुप द्वारा हास्य-मिमिक्री कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर पार्षद नितिन छाबड़ा, रमाकांत शर्मा, अजय पारीक, गिर्राज जाट सहित बड़ी संख्या में पार्षद एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।