ददरेवा के पास ट्रक से भिड़ी कार, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

​गुड़गांव माता के दर्शन के लिए जा रहा था परिवार, हादसे में पांच महीने की मासूम गंभीर रूप से घायल

​ सादुलपुर, (बजरंग आचार्य )-

स्मार्ट हलचल|गांव ददरेवा समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ददरेवा पेट्रोल पंप के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रॉले से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार ट्रॉले के पिछले हिस्से में जा घुसी।
​मृतकों की पहचान तारानगर तहसील के सोमसीसर गांव निवासी भंवरलाल शर्मा, उनकी पत्नी महेंद्रा देवी, दो पुत्रवधुओं यशोदा (25) व कविता (28), आठ माह के पोते और ड्राइवर मांगीलाल नाई के रूप में हुई है। हादसे में पांच महीने की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह परिवार अपनी कार से गुड़गांव माता के दर्शन एवं धोक लगाने के लिए रवाना हुआ था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ददरेवा पुलिस चौकी और राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को बाहर निकालकर राजगढ़ के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
​घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिजनों व ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया, पराक्रम राठौड़, राधेश्याम डोकवे वाला, एडवोकेट मुकेश रामपुरा, पार्षद राहुल पारीक सहित कई गणमान्य लोगों ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। वहीं, विधायक मनोज न्यांगली और जिला पुलिस अधीक्षक निश्चल प्रसाद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।