अजमेर शिल्पोत्सव में उमड़ रही रौनक, महिला उद्यमियों के हुनर ने मोहा लोगों का मन

अजमेर शिल्पोत्सव-2026

हस्तशिल्प से पारंपरिक कला तक दिख रही राजस्थान की समृद्ध विरासत, 27 अक्टूबर तक चलेगा शिल्पोत्सव; प्रवेश निःशुल्क
अजमेर।स्मार्ट हलचल|शहर के वैशाली नगर स्थित अरबन हाट बाजार में आयोजित सात दिवसीय ‘अजमेर शिल्पोत्सव-2026’ में रौनक परवान पर है। यहां स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाओं और महिला उद्यमियों के उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, अजमेर की ओर से भारत सरकार की RAMP योजना के अंतर्गत 21 से 27 अक्टूबर तक आयोजित इस शिल्पोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला उद्यमियों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच मिल रहा है।
शिल्पोत्सव में हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं, पारंपरिक हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की सामग्री, वस्त्रों सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला देखने को मिल रही है। एक ही स्थान पर विविध उत्पाद उपलब्ध होने से लोग खरीदारी के साथ स्थानीय कला और हुनर से भी रूबरू हो रहे हैं। खास बात यह है कि महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों की पहचान बनाने, ग्राहकों से सीधे जुड़ने और कारोबार को विस्तार देने का अवसर मिल रहा है।
मेले की रौनक बढ़ाने के लिए प्रतिदिन सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। पारंपरिक कच्ची घोड़ी नृत्य, रंगोली, मेहंदी और ड्रॉइंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन गतिविधियों से शिल्पोत्सव में आने वाले लोगों को खरीदारी के साथ मनोरंजन और सांस्कृतिक अनुभव का अवसर भी मिल रहा है।
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की RAMP योजना के तहत आयोजित यह शिल्पोत्सव स्थानीय उत्पादों की मार्केटिंग, ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके जरिए महिला स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्पियों और छोटे उद्यमियों को अपने हुनर को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से छोटे कारोबारियों के लिए नए ग्राहक और बाजार तलाशने की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की ओर से आमजन से शिल्पोत्सव में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है। 27 अक्टूबर तक चलने वाले इस शिल्पोत्सव में प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक प्रवेश निःशुल्क रहेगा। आमजन अरबन हाट बाजार, वैशाली नगर पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं और महिला उद्यमियों, कारीगरों तथा स्वयं सहायता समूहों का उत्साहवर्धन कर राजस्थान की कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने में सहभागी बन सकते हैं।