‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को लेकर आज जुटेंगे कांग्रेसजन,
सत्यनारायण पटेल की मौजूदगी में बनेगी रणनीति
भीलवाड़ा, 24 अक्टूबर
स्मार्ट हलचल|लोकतंत्र की रक्षा और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत रविवार, 25 अक्टूबर को भीलवाड़ा शहर जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। दोपहर 2:30 बजे गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में होने वाली इस बैठक में अभियान की आगामी रणनीति तय करने के साथ संगठन को मजबूत बनाने और जनजागरूकता बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक के नेतृत्व में होने वाली बैठक में AICC पर्यवेक्षक एवं इंदौर के पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। उनकी उपस्थिति में अभियान की दिशा, संगठनात्मक समन्वय, जनसंपर्क कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कांग्रेस की इस बैठक में अभियान को शहर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचाने तथा आमजन को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करने की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर रहेगा। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, मतदाताओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता और संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी तय करने पर चर्चा होगी। AICC के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने और अधिकाधिक कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति भी बनाई जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसजनों से लेकर वार्ड स्तर के कार्यकर्ताओं तक संगठन के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने पर जोर रहेगा। इसके लिए विधायक प्रत्याशियों, पीसीसी सदस्यों, ब्लॉक अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों के अध्यक्षों व पदाधिकारियों, पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों तथा पूर्व एवं वर्तमान कांग्रेस पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी कांग्रेसजनों एवं कार्यकर्ताओं से बैठक में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक ने संगठन के सभी साथियों से एकजुट होकर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को सफल बनाने तथा लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।