पंचायत राज चुनाव 2026 की खबर 28 अक्टूबर को 7 पंचायत समितियों में मतदान

, 30 को गांवों में होगा सरपंच-पंच का चुनाव
भीलवाड़ा, 25 अक्टूबर।स्मार्ट हलचल|पंचायत राज आम चुनाव 2026 के दूसरे चरण को लेकर जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को सात पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा, जबकि 30 अक्टूबर को सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव कराए जाएंगे। इसके बाद 31 अक्टूबर को उपसरपंच का निर्वाचन होगा।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, द्वितीय चरण में रायपुर, सहाड़ा, शाहपुरा, फुलिया कलां, आसींद, शम्भुगढ़ एवं हुरड़ा पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव होंगे। इन पदों के लिए 28 अक्टूबर, बुधवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने बताया कि सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव के लिए 29 अक्टूबर, गुरुवार को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच सुबह 11:30 बजे होगी, जबकि अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव मैदान में डटे अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए 30 अक्टूबर, शुक्रवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना शुरू की जाएगी। वहीं, उपसरपंच पद के लिए 31 अक्टूबर, शनिवार को निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न होगी।
जिले में दूसरे चरण के चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी रिटर्निंग अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। चुनाव कार्यक्रम के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है और उम्मीदवारों की नजर अब मतदान के दिन पर टिकी है।