जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने ली समीक्षा बैठक, मतदान केंद्रों पर पेयजल, रोशनी और बुजुर्गों व विशेष योग्यजन के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।पंचायत आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमल राम मीना ने रविवार को जिला कलेक्ट्रेट के नवीन वीसी हॉल में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में विधानसभा मतदाता सूची के अद्यतन, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा फॉर्म संख्या-6 की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के कार्य में तेजी लाने तथा फॉर्म संख्या-6 से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन रखने के साथ निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं।
मतदान केंद्रों पर सुविधाओं का होगा भौतिक सत्यापन
पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मीना ने सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, रोशनी सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष योग्यजन एवं वृद्ध मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन कर उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।