छःन्यात ब्राह्मण समाज संपत्ति ट्रस्ट के चुनाव सम्पन्न, डी.के.दाधीच निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल|शहर के संजय कॉलोनी स्तिथ ब्राह्मणों की कुई पर आज सुबह से ही मेले जैसा माहौल बना रहा। अवसर था, छःन्यात ब्राह्मण समाज संपत्ति ट्रस्ट के अध्यक्ष पद के निर्वाचन का। ब्राह्मण समाज के सिखवाल,गुर्जरगौड़, सारस्वत,पारीक,दाधीच व खंडेलवाल समाज में से प्रत्येक से पांच-पांच सदस्य इस चुनाव में शामिल हुए। सुबह से ही तय समय पर ट्रस्ट के पुराने व नए सदस्यों का आना शुरू हो गया।सुबह नियत समय पर निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारम्भ हुई। ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष लादू लाल व्यास,महामंत्री राजेन्द्र सारस्वत व कोषाध्यक्ष पीयूष पाठोदिया के अनुसार मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद तिवाड़ी,सहायक चुनाव अधिकारी सुनील पारीक व मुकेश शर्मा ने निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ की। इस दौरान कार्यक्रम का संचालन डॉ. लोकेश तिवारी ने किया। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9 से 10 बजे तक नामांकन आवेदन प्रस्तुत किए गए। अध्यक्ष पद के लिए आठ प्रत्याशियों ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने आवेदन प्रस्तुत किए। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच एवं वैध आवेदनों की सूची जारी करने की प्रक्रिया निर्धारित थी। छ: प्रत्याशियों के नाम वापसी के बाद अंत में दीपक सुल्तानिया व डी.के.दाधीच केवल दो नाम ही मैदान में रह गए। फिर वहां मौजूद समाज के वरिष्ठजनों की समझाइश के बाद,समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से डी.के.दाधीच के नाम पर सहमति जताई और उन्हें ट्रस्ट का निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया। सर्वसम्मति से हुए इस निर्णय ने समाज मे एकता की मिसाल पेश की। निर्वाचन प्रक्रिया के समापन पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दाधीच को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष दाधीच ने समाज के सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजजनों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। अपने कार्यकाल में सभी समाजों के प्रतिनिधियों का आशीर्वाद, सहयोग और मार्गदर्शन लेकर संगठन को नई गति प्रदान करना तथा उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस शुभ अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का माल्यार्पण कर अभिनंदन कर मुँह मीठा कराया व उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में छ:न्यात ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।