भीलवाड़ा, 26 अक्टूबर।
स्मार्ट हलचल|दीपावली के त्योहार पर मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर सोमवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अगुवाई में विभाग की दो टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिर्ची मंडी स्थित एक कोल्ड स्टोरेज से 5850 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज की गई। वहीं, मिठाई की दुकानों से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मिर्ची मंडी स्थित कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के दौरान वहां भंडारित विभिन्न खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए गए। जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित सामग्री को सीज करने की कार्रवाई की गई। सीज की गई सामग्री में 2000 किलोग्राम काजू, 1050 किलोग्राम अजवाइन, 600 किलोग्राम सौंफ, 700 किलोग्राम किशमिश और 1500 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर शामिल हैं। इस तरह कुल 5850 किलोग्राम खाद्य सामग्री को सीज किया गया है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा के साथ डॉ. दिलराज मीणा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, नीरज मीणा, कुलदीप चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इधर, खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने कोटड़ी क्षेत्र में मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। टीम ने चारभुजा मिष्ठान भंडार से फीके मावे और रसगुल्ले का नमूना लिया। बजरंग मिष्ठान भंडार से बीकाजी केसरबाटी तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से बर्फी और रसगुल्ले के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बीसीएमओ डॉ. सुरेश कुमार शर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर और विजय मेहता मौजूद रहे।
दीपावली पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की खरीदारी के दौरान आमजन को सतर्क रहने की सलाह देते हुए सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने कहा कि पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि अवश्य जांचें। अवधिपार या संदिग्ध खाद्य सामग्री खरीदने से बचें तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर सावधानी बरतें। उन्होंने आमजन से अपील की कि कहीं भी संदिग्ध अथवा अवधिपार खाद्य सामग्री की बिक्री दिखाई देने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।